#गुना में पॉलीहाउस गुलाब की खेती के साथ-साथ कट फ्लावर, लूज फ्लावर व बल्बस फूलों के क्लस्टर विकसित किए जाएं : आयुक्त सुमन
अधिकारी, किसानों की आय बढ़ाने प्रसंस्करण, पैकेजिंग, डिहाइड्रेशन और मार्केटिंग पर जोर दें
आयुक्त सौरभ कुमार सुमन ने गुना में उद्यानिकी गतिविधियों का किया निरीक्षण, संरक्षित खेती और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के दिए निर्देश
गुना की गुलाब और अमरूद खेती ने बढ़ाया आकर्षण, उद्यानिकी आयुक्त ने नवाचारों की सराहना की
गुना। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग, मध्यप्रदेश शासन के आयुक्त सह संचालक श्री सौरभ कुमार सुमन द्वारा गुना जिले में विभिन्न उद्यानिकी गतिविधियों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा अपनाई जा रही पॉलीहाउस में गुलाब की खेती, शेडनेट हाउस में टमाटर की खेती, अमरूद की खेती से जुड़े किसानों से विस्तृत चर्चा तथा जिज्जी की पंचायत में स्वसहायता समूहों के प्रसंस्कृत मसाला उत्पादों एवं अन्य गतिविधियों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त श्री सुमन ने गुना के नवाचारी किसान श्री नाथूराम लोधा से अमरूद की उत्पादन की तकनीक, लागत, उत्पादन, आय एवं विपणन सहित विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी ली तथा जिले में अमरूद के नवाचार की सराहना की।
आयुक्त श्री सुमन ने किसान श्री नर्मदा शंकर भार्गव के पॉलीहाउस का भी निरीक्षण किया, यहां उन्होंने पॉलीहाउस में गुलाब की खेती, शेडनेट हाउस में टमाटर उत्पादन तथा खुले खेत में हल्दी की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने संरक्षित एवं खुले क्षेत्र में की जा रही खेती की लागत, उत्पादन, लाभ एवं अपनाई जा रही तकनीक के संबंध में किसानों से विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री सुमन ने कहा कि गुना जिले में पुष्प उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने जिले में पॉलीहाउस के माध्यम से गुलाब उत्पादन के साथ-साथ कट फ्लावर, लूज फ्लावर एवं बल्बस फूलों के क्लस्टर विकसित करने हेतु उपसंचालक उद्यान गुना को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जलवायु, किसानों की रुचि, बाजार की मांग और उपलब्ध संसाधनों को देखते हुए पुष्प उत्पादन को संगठित रूप से बढ़ावा दिया जाए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ जिले में फूलों की खेती को नई पहचान मिल सके।
इस अवसर पर उप संचालक उद्यान, जिला गुना श्री केपीएस किरार द्वारा आयुक्त श्री सुमन का गुना के प्रसिद्ध पॉलीहाउस में उत्पादित गुलाब के पुष्पों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।
आयुक्त श्री सुमन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुना जिले के किसानों को उद्यानिकी फसलों के खाद्य प्रसंस्करण, डिहाइड्रेशन एवं अन्य मूल्य संवर्धन गतिविधियों से जुड़ी इकाइयों का भ्रमण कराया जाए। विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों एवं संस्थानों का भ्रमण कराया जाए, जहां किसान संगठित होकर उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए प्रसंस्करण, पैकेजिंग, डिहाइड्रेशन और मार्केटिंग से जोड़ा जाए, ताकि उत्पादों में मूल्य संवर्धन हो और किसानों को बेहतर लाभ प्राप्त हो सके।
भ्रमण के दौरान उप संचालक उद्यान श्री केपीएस किरार उद्यानिकी विभाग के अधिकारी मनोज कुमार राठौर एवं सौरव गुप्ता उपस्थित रहे।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Home Department of Madhya Pradesh