शादी के नाम पर 4.10 लाख की ठगी, लुटेरी दुल्हन सहित तीन गिरफ्तार; पति पन्ना जेल में बंद
दमोह। दमोह देहात थाना पुलिस ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर 4.10 लाख रुपए हड़पने के मामले में लुटेरी दुल्हन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीएसपी एचआर पांडे ने सोमवार दोपहर 2 बजे पुराना थाना स्थित कार्यालय में मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार बांसा तारखेड़ा निवासी दिनेश विश्वकर्मा से 1.70 लाख रुपए नकद और 2.40 लाख रुपए के जेवर लिए गए थे। 20 अप्रैल को रानगिर मंदिर में खुशबू राजपूत से उसकी शादी कराई गई थी। तीन दिन बाद मालती पटैल, खुशबू की बड़ी बहन बनकर उसे जबलपुर ले गई। इसके बाद खुशबू ने संपर्क नहीं किया। पुलिस ने नर्मदा पटैल, मालती पटैल और खुशबू को गिरफ्तार किया है, जबकि नीरज उर्फ धीरज पटैल पन्ना जेल में बंद है। आरोपियों से तीन मोबाइल और 7,700 रुपए बरामद किए गए।
Damoh, Damoh | Sep 1, 2026