पलवल सीआईए की बड़ी कार्यवाही
जान से मारने की नीयत से गोली चलाने मामले में चंद घंटों में तीन नामजद आरोपी दबोचे, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग आईपीएस के मार्गदर्शन में सीआईए स्टाफ पलवल की टीम ने थाना कैम्प पलवल क्षेत्र के तहत जान से मारने की नीयत से गोली चलाने की वारदात में त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में ही तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई यामहा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पलवल सीआईए प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि थाना कैम्प पलवल क्षेत्र के अंतर्गत दिनांक सत्ताईस सितंबर दो हजार 26 को हरिनगर पुल के पास वसीम नामक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते गोली चलाई गई थीं। पीड़ित के भाई अल्लारखा निवासी सैयदवाड़ा मोहल्ला पलवल द्वारा दी गई शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता के मध्य नजर सीआईए स्टाफ पलवल टीम (जिसमें एएसआई लक्ष्मण सिंह, एएसआई श्रीचंद,एएसआई नेपाल शामिल हैं) ने एसपी महोदया के कुशल निर्देशन में कार्य करते हुए दिनांक 28 सितंबर 2026 को मामले में शामिल दो नामजद आरोपियों - प्रदीप पुत्र बिजेन्द्र और प्रवीन पुत्र बिजेन्द्र निवासी लोहागढ़, थाना कैम्प पलवल को गिरफ्तार किया।
तत्पश्चात, तीसरे नामजद आरोपी अमित उर्फ गुठली पुत्र राजबीर निवासी हरिनगर पलवल को पलवल-नूंह रोड ऐरा ग्रुप के पास से काबू किया गया। भागते समय गिर जाने से अमित के पैर में चोट आई, जिसे तुरंत सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद पुलिस टीम ने अपनी हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई यामहा मोटरसाइकिल पलवल-नूंह रोड स्थित ऐरा ग्रुप के पास से बरामद की गई। वारदात स्थल और बरामदगी से जुड़े साक्ष्यों को विधिवत पुलिस कब्जे में लिया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी प्रवीन और प्रदीप को न्यायिक हिरासत में भेजने हेतु अदालत के समक्ष पेश किया है। वहीं, मुख्य आरोपी अमित उर्फ गुठली को वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार व कारतूस की बरामदगी तथा अन्य सह-आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी हेतु पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
वहीं एसपी पलवल दीप्ति गर्ग ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि "जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
Palwal, Palwal | Sep 29, 2026