पानीपत पुलिस
27 अगस्त 2026
*एसपी ने जिला डायल-112 राइडर्स का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के दिए निर्देश*
पानीपत, 27 अगस्त ( ) पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने वीरवार को जिला सचिवालय परिसर में डायल-112 राइडर्स का निरीक्षण किया। उन्होंने राइडर्स पर तैनात पुलिसकर्मियों से ड्यूटी व्यवस्था की जानकारी लेकर समीक्षा की और पूरी मुस्तैदी, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए । इस दौरान यातायात उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहें।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस दौरान तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि डायल-112 की सेवा के तहत प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर पूरी जिम्मेदारी, मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने तथा डायल-112 पर प्राप्त होने वाली सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सूचना मिलते ही बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालें और जरूरत के अनुसार संबंधित थाना पुलिस को भी सूचित करें। क्षेत्र में लगातार और प्रभावी गश्त करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंन कहा की आगामी त्योहारी सीजन में बड़ी सख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजारों में आएगे। आमजन को बेहतर व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी सतर्कता के साथ प्रभावी गश्त करे।
पानीपत पुलिस को हरियाणा पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से बीते दिनों 10 नए डायल-112 राइडर्स वाहन प्राप्त हुए हैं। इन सभी डायल 112 राइडर्स को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है। राइडर के माध्यम से डायल-112 की व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि कई बार शहर और ग्रामीण अंचलों की संकरी व तंग गलियों तथा भारी जाम वाले बाजारों में चार पहिया पुलिस वाहन (ERV) समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाते। ऐसी परिस्थितियों में टू-व्हीलर राइडर्स आसानी से इन स्थानों तक पहुंचकर कम से कम समय में पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में शुरू किए गए 10 नए टू-व्हीलर राइडर्स जिला पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को धरातल पर और अधिक सुदृढ़ व गतिशील बनाने में मददगार साबित हो रहे हैं। इन सभी 10 नए राइडर्स वाहनों को मुख्य रूप से डायल-112 आपातकालीन सेवा से जोड़ा गया है। कंट्रोल रूम में डायल-112 की कॉल प्राप्त होते ही संबंधित क्षेत्र के राइडर को जीपीएस के माध्यम से घटनास्थल की लोकेशन मार्क कर तुरंत रवाना किया जाता है।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि टू-व्हीलर राइडर्स के माध्यम से संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और जाम वाले क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच को और तेज किया जा रहा है। इससे आपात स्थिति में लोगों को कम से कम समय में पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इन नए राइडर्स वाहनों के फील्ड में उतरने से जहां एक ओर आपराधिक तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है, वहीं दूसरी ओर आमजन को समय पर पुलिस सहायता मिलने से नागरिकों के मन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों में और प्रभावी गश्त की जाएगी, ताकि आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सके और असामाजिक तत्वों में भय बना रहें।
Israna, Panipat | Aug 27, 2026