बलिया में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बलिया प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। रात के समय सड़कों पर बेहतर दृश्यता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बेल्थरारोड-नगरा मार्ग के चार प्रमुख स्थानों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। इससे अंधेरे में आवागमन करने वाले वाहन चालकों को सड़क की स्थिति समझने और समय रहते सतर्क होने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक बलिया के निर्देश पर उपजिलाधिकारी बेल्थरारोड शरद चौधरी, क्षेत्राधिकारी यातायात तथा नगरा एवं उभांव थाना पुलिस के समन्वय से यह अभियान चलाया गया। इसके तहत निछुवाडीह, मालीपुर, तिरनई खिजीरपुर और फरसाटार में रिफ्लेक्टर लगाए गए।
एसडीएम शरद चौधरी ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि जरूरी सुरक्षा उपायों और जनजागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जाए। रिफ्लेक्टर लगने से रात्रि में वाहन चालकों को सड़क की बेहतर दृश्यता मिलेगी और सुरक्षित आवागमन में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि बीते 14 नवंबर को नगरा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में चार युवकों की असामयिक मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण पहल की है। दुर्घटनाओं से सबक लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया यह कदम निश्चित रूप से सराहनीय है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात में वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें, यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
#Ballia #BeltharaRoad #Nagra #RoadSafety #SharadChaudhary #BalliaNews #BalliaKhabar
Belthara Road, Ballia | Nov 27, 2026