अध्यापक के घर चोरों का धावा, डेढ़ लाख रुपये की नकदी पार
छत के रास्ते घर में घुसा चोर, अलमारी खंगालकर हुआ फरार; सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात, फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी
नवाबगंज, फर्रुखाबाद।
नवाबगंज नगर के मोहल्ला पुराना गनीपुर में चोरों ने एक अध्यापक के घर को निशाना बनाते हुए डेढ़ लाख रुपये की नकदी पार कर दी। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और परिवार के सदस्यों के सोते रहने के दौरान अलमारी में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला पुराना गनीपुर निवासी अध्यापक अखिलेश वर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब एक बजे एक चोर छत के रास्ते उनके घर में घुस आया। उस समय परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। उनका छोटा भाई नगर में आयोजित रामलीला देखने गया हुआ था। घर के जीने का दरवाजा पूरी तरह बंद न होने का फायदा उठाकर चोर अंदर दाखिल हो गया।
चोर सीधे अखिलेश वर्मा के कमरे में पहुंचा और अलमारी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित के मुताबिक अलमारी में 50-50 हजार रुपये की तीन गड्डियां रखी थीं। चोर डेढ़ लाख रुपये लेकर छत के रास्ते फरार हो गया। इसके अलावा पास में रखे थैले को भी खंगाला।
रात करीब डेढ़ बजे घर के बाहर कुछ लोगों की आवाज सुनकर अखिलेश वर्मा की नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो एक चोर छत से कूदकर भागता दिखाई दिया। कमरे में पहुंचने पर अलमारी खुली मिली और नकदी गायब थी। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
पीड़ित ने तत्काल यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में संदिग्ध चोर दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर मोहल्ले के लोगों ने भी उसकी पहचान करने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी पर क्राइम प्रभारी निरीक्षक ब्रज मोहन पाल और कस्बा प्रभारी गीतम सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और घटना का खुलासा करने में जुटी है।
सीसीटीवी में चेहरा कैद, फिर भी चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर
अध्यापक के घर में हुई चोरी ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घर में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर निकल गया। अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कब तक आरोपी की पहचान कर चोरी की घटना का खुलासा करती है।
#फर्रुखाबाद #नवाबगंज #चोरीकीवारदात #डेढ़लाखकीचोरी #अध्यापककेघरचोरी #सीसीटीवीफुटेज #चोरकीतलाश #पुलिसजांच #यूपी112 #ब्रजमोहनपाल #गीतमसिंह #CrimeNews #FarrukhabadNews #BreakingNews #YouthIndiaNews #यूथइंडियान्यूज #सर्वजीतसिंह