प्लेसमेंट की तैयारी के लिए छात्राओं को दिया प्रशिक्षण
कैंपस से कॉर्पोरेट तक नियुक्ति की तैयारी के गुर सिखाए, रिज्यूम और इंटरव्यू कौशल पर दिया जोर
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: डीएवी कॉलेज फॉर गर्ल्स में स्टूडेंट लेड करियर डेवलपमेंट सेल के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट वर्टिकल कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए 'कैंपस से कॉर्पोरेट: नियुक्ति की तैयारी' विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आईबीएम स्किल्सबिल्ड की सीनियर एसोसिएट पलक टंडन ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कौर, को-ऑर्डिनेटर विवेक, सेल इंचार्ज मनिका सेठी, सदस्य सुषमा शर्मा, पूजा सिंदवानी और प्रिया कालरा ने की।
मुख्य वक्ता पलक टंडन ने छात्राओं को कॉर्पोरेट जगत में रोजगार प्राप्त करने के लिए आवश्यक कौशल और तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रभावशाली रिज्यूम तैयार करने, साक्षात्कार की तैयारी, करियर मार्गदर्शन, उद्योग जगत की अपेक्षाओं, समूह चर्चा और लिंक्डइन प्रोफाइल बनाने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने व्यावसायिक संचार कौशल के महत्व को समझाते हुए बताया कि रोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास भी बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने छात्राओं को अपनी क्षमताओं और प्रतिभा को पहचानने, व्यावसायिक कौशल में निरंतर सुधार करने तथा बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्लेसमेंट प्रक्रिया से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी भी दी गई, ताकि वे भविष्य में रोजगार के अवसरों का बेहतर ढंग से लाभ उठा सकें।
डॉ. सुरिंदर कौर ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार के लिए तैयार करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।