चित्रकूट: धनुष चौराहे पर मजदूरों की मजबूरी, जान जोखिम में डालकर करते हैं काम का इंतजार, स्थायी मजदूर मंडी बनाने की उठी मांग
कर्वी, चित्रकूट। जिले के कर्वी स्थित धनुष चौराहे पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में मजदूर काम की तलाश में सड़क किनारे खड़े रहते हैं। सुबह से ही मजदूरों की भीड़ जुट जाती है और काम मिलने की उम्मीद में वे घंटों इंतजार करते हैं। लेकिन काम की तलाश में खड़े इन मजदूरों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मजदूरों का आरोप है कि चौराहे के आसपास कुछ दुकानदारों द्वारा उन्हें वहां से खदेड़ा जाता है। उनकी गाड़ियां सड़क पर खड़ी कर दी जाती हैं। यहां तक कि मजदूरों की साइकिल और दोपहिया वाहनों की हवा निकालने, वाहन तोड़ने, गाली-गलौज करने और मारने की धमकी देने जैसी घटनाएं भी सामने आने की बात मजदूरों ने कही है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इतनी परेशानियां झेलने के बावजूद मजदूरों को प्रतिदिन काम भी नहीं मिल पाता। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए उन्हें रोजाना काम की तलाश में चौराहे पर पहुंचना पड़ता है।
मजदूरों ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग से गुहार लगाते हुए धनुष चौराहे पर एक स्थायी मजदूर मंडी बनवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा मजदूरों के लिए निर्धारित स्थान और उचित व्यवस्था कर दी जाए, तो उन्हें सड़क पर खड़े होकर अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी पड़ेगी और काम की तलाश में भी सुविधा होगी।
अब सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन मजदूरों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थायी मजदूर मंडी की व्यवस्था करेगा? क्या मेहनतकश मजदूरों को सम्मानजनक स्थान और नियमित रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया जाएगा?
मजदूरों की मांग – स्थायी मजदूर मंडी बने, सुरक्षा मिले और हर दिन काम मिले