*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक: 17 अक्टूबर 2026
*डीएम एवं एसपी ने साहूगढ़ एवं ग्वालपाड़ा में दुर्गा पूजा की तैयारियों का लिया जायजा*
*सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं विसर्जन व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन सतर्क*
मधेपुरा, 17 अक्टूबर 2026। दुर्गा पूजा-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने हेतु जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन, भा.प्र.से. एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह, भा.पु.से. ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ साहूगढ़ (सिंहेश्वर), मधेपुरा एवं ग्वालपाड़ा में प्रमुख पूजा पंडालों, मेला स्थलों, विसर्जन मार्गों तथा घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, प्रवेश-निकास द्वार, बैरिकेडिंग एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विसर्जन मार्गों पर जर्जर विद्युत तारों एवं पोल को तत्काल दुरुस्त करने तथा विसर्जन घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रस्सी का घेरा, गोताखोर एवं नाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, सघन गश्ती तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों को लाइसेंस की शर्तों का पूर्ण अनुपालन करने तथा डीजे एवं आपत्तिजनक गानों और झांकियों से संबंधित प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने कहा कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्था पर नजर रखने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह ने पुलिस पदाधिकारियों एवं बलों को सतर्कता बरतने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Madhepura, Bihar | Oct 17, 2026