छतरपुर जेल में भावुक माहौल के बीच मना रक्षाबंधन का पर्व
छतरपुर जिला जेल में रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम और भावुक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जेल प्रशासन ने बहनों को अपने बंदी भाइयों से मिलने और राखी बांधने की विशेष अनुमति दी।लंबे समय बाद अपने भाइयों से मिलकर बहनों की आंखें नम हो गईं।कई समय से जेल में बंद कैदियों के चेहरे अपनी बहनों को देखकर खिल उठे। बहनों ने रोती और नम आंखों के साथ भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा शीघ्र रिहाई की कामना की।वहीं जेल में बंद महिला कैदियों के लिए भी विशेष व्यवस्था रही, जिनके भाइयों ने जेल पहुंचकर उनसे राखी बंधवाई। एक दिन की इस विशेष छूट ने सलाखों के पीछे के माहौल को आत्मीयता और अटूट प्रेम से सराबोर कर दिया।
हिमांशु अग्रवाल
छतरपुर