बागेश्वर धाम में आठवां ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन संपन्न, लाखों परिवार जुड़े.
छतरपुर बागेश्वर धाम में 27 अगस्त को आठवां ऑनलाइन श्री हनुमान चालीसा हवन संपन्न हुआ। इस हवन में देश-विदेश से लाखों परिवार सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े। वहीं बागेश्वर धाम पहुंचकर हजारों श्रद्धालुओं ने भी सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा की चौपाइयों के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।बागेश्वर धाम की ओर से आयोजित इस ऑनलाइन हवन का उद्देश्य घर-घर में हवन की सनातन परंपरा को पुनः जागृत करना और लोगों को अपनी धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना है। बागेश्वर सरकार लगातार हवन, कथा, कन्या विवाह और दिव्य दरबार जैसे आयोजनों के माध्यम से सनातन परंपराओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दे रहे हैं आठवें ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन में भी पूर्व के आयोजनों की तरह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने बागेश्वर सरकार के आधिकारिक यूट्यूब और फेसबुक चैनलों के माध्यम से अपने-अपने घरों से हवन में आहुति दी बागेश्वर धाम में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी हनुमान चालीसा की चौपाइयों के साथ विधिवत आहुतियां अर्पित कीं।
इस बार हवन में पंचमुखी हनुमान जी के चित्र के समक्ष विशेष रूप से हवन किया गया। बागेश्वर सरकार ने श्रद्धालुओं से कहा कि पंचमुखी हनुमान जी का चित्र घर के ऐसे स्थान पर रखा जा सकता है, जहां से बाहर से आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं को पंचमुखी हनुमान जी की आराधना और सकारात्मक ऊर्जा के संदेश से भी जोड़ा,बागेश्वर सरकार ने बताया कि आने वाले तीन ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन पितृ दोष मुक्ति के संकल्प के साथ आयोजित किए जाएंगे। इन तीन हवनों की श्रृंखला का पहला हवन 20 सितंबर को शाम 6 बजे बागेश्वर धाम में आयोजित किया जाएगा। इस बार हवन के समय में बदलाव किया गया है। इससे पहले ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन रात 9 बजे आयोजित किए जाते थे,वहीं बागेश्वर सरकार ने हवन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपने अनुभव साझा करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जिन श्रद्धालुओं ने दो, पांच या सभी आठ हवनों में हिस्सा लिया है और उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस हुआ है, वे अपने अनुभव का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें और बागेश्वर सरकार के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज को टैग कर भेजें।
बागेश्वर धाम के ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन की यह श्रृंखला अब नौवें हवन की ओर बढ़ रही है, जिसमें एक बार फिर देश-विदेश के लाखों परिवारों के जुड़ने की उम्मीद है।