➡️ जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जा रही दो बूंद जिंदगी की
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.पी. आर्य ने रविवार को जिला चिकित्सालय सागर के टीकाकरण केंद्र में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाई जा रही है। इस अवसर पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई।
डॉ. आर्य ने बताया कि भारत वर्षों पूर्व पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन विश्व के कुछ देशों में अभी भी वाइल्ड पोलियो वायरस का संक्रमण मौजूद है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाएं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आशीष जैन ने बताया कि जिले में लगभग 3 लाख 70 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 2,800 बूथ स्थापित किए गए हैं। दवा पिलाने के लिए 2,900 टीमों, 5,800 वैक्सीनेटर तथा 300 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण, आईईसी गतिविधियां, पोस्टर, बैनर तथा जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।
इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि पोलियो की दो बूंद दवा पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है। प्रत्येक नवजात एवं 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे को यह दवा अवश्य पिलाई जानी चाहिए, ताकि पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को स्थायी रूप से बनाए रखा जा सके। कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar