*जिले के 6 केंद्रों पर री-नीट यूजी-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न*
*2,222 में से 2,065 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 92.93 प्रतिशत रही उपस्थिति*
*जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया केंद्रों का निरीक्षण*
*सवाई माधोपुर, 21 जून।* राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित री-नीट यूजी-2026 परीक्षा जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, सतर्क निगरानी एवं पारदर्शी व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। जिले में कुल 2,222 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,065 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 157 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिले में कुल उपस्थिति 92.93 प्रतिशत दर्ज की गई।
जिला कलक्टर काना राम एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय , पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय , राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सिटी, तथा शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने बताया कि परीक्षा के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला कलक्टर द्वारा पूर्व में फ्लाइंग स्क्वॉड एवं सतर्कता दलों का गठन किया गया था। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई तथा परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतत निगरानी रखी गई। केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में प्रतिबंधात्मक व्यवस्थाएं प्रभावी रहीं तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई।
उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन निर्धारित समयानुसार दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से पूरे जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई गई तथा कहीं से भी किसी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि अथवा व्यवधान की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
केंद्रवार उपस्थिति में शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 504 में से 477, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर में 480 में से 449, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 384 में से 358, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में 374 में से 344, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सिटी में 264 में से 243 तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 216 में से 194 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे।
---000---