नशे में वाहन चलाना पड़ा महंगा, कोर्ट ने लगाया 20,700 रुपए का जुर्माना
देवास में कार और बाइक चालक शराब के नशे में मिले, पुलिस ने कोर्ट में पेश किया
देवास। शराब पीकर वाहन चलाना दो वाहन चालकों को भारी पड़ गया। देवास के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए दो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। माननीय न्यायालय ने दोनों पर कुल 20,700 रुपए का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने बजाज पल्सर बाइक क्रमांक MP41ZH5043 के चालक जीवन पिता मान सिंह, निवासी देवास और इको कार क्रमांक MP09ZK6390 के चालक कमलेश पिता भंवरसिंह, निवासी देवास को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा।
दोनों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अलग-अलग इस्तगासा तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने दोनों अनावेदकों को कुल 20,700 रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।
नशे में वाहन चलाया तो कार्रवाई तय
देवास पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाने से चालक की जान तो खतरे में पड़ती ही है, साथ ही सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी भी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी, प्रधान आरक्षक विष्णु दांगी, आरक्षक अजय जाट और हर्षित की सराहनीय भूमिका रही।