फर्जी एम्बुलेंस में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 59 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
पलवल, 18 जुलाई। पलवल पुलिस की सीआईए स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी एम्बुलेंस की आड़ में की जा रही अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने केएमपी एक्सप्रेसवे के निकट नाकाबंदी के दौरान लाल-नीली बत्ती लगी एक नकली एम्बुलेंस को पकड़कर उसमें से 59 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के संबंध में सीआईए स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल रवीन्द्र को गुप्त सूचना मिली थी कि एक फर्जी एम्बुलेंस में शराब भरकर राजस्थान के कोटा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बहोला गांव के पास पलवल-नूंह मार्ग पर केएमपी रोड के निकट नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने नाके से करीब 50 मीटर पहले ही वाहन रोक दिया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर चालक और उसके साथी को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान एम्बुलेंस में मरीज या चिकित्सा उपकरण की बजाय सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई 59 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर शराब की गिनती कराई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी बादली (झज्जर) और सलीम निवासी रामनगर कॉलोनी, पानीपत के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने अवैध शराब और फर्जी एम्बुलेंस को कब्जे में लेकर थाना सदर पलवल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके।
Palwal, Palwal | Jul 18, 2026