समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:-1253,
दिनांक 01 सितम्बर 2026,
==================
जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा सहयोग शिविरों का आयोजन: जिलाधिकारी ने बनमनखी के महाराजगंज-01 एवं वार्ड 25 में लिया जायजा।
जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत सितंबर माह के प्रथम मंगलवार को जिले की 26 पंचायतों एवं आठ नगरीय क्षेत्रों में "सहयोग शिविर" का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) तथा स्थानीय विधायक मा०श्री कृष्ण कुमार ऋषि
द्वारा बनमनखी प्रखंड की महाराजगंज-01 पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन
में आयोजित शिविर का दीप प्रज्वलित विधिवत् शुभारंभ किया गया।
जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा बनमनखी नगर परिषद के वार्ड संख्या 25 में आयोजित नगर सहयोग शिविर का भी जायजा लिया गया।
इस मौके पर सहायक समाहर्ता कुमुद मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी (बनमनखी) श्री प्रमोद कुमार सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
जनसमस्याओं का एक माह में निष्पादन:---- जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार द्वारा नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा गया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का निराकरण संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा। समय सीमा के अंदर समाधान न होने पर दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा विद्यार्थी सहयोग शिविर एवं श्री गुरु रविदास विकास शिविर पर भी प्रकाश डाला गया।
* विद्यार्थी सहयोग शिविर:- छात्रों की पठन-पाठन और विद्यालय से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को "विद्यार्थी सहयोग शिविर" का आयोजन किया जाएगा। जहां विद्यार्थी अपनी शिकायतें एवं समस्याएं से संबंधित आवेदन दें सकते हैं।
श्री गुरु रविदास विकास शिविर:- अनुसूचित जाति एवं महादलित टोलों की समस्याओं के निपटारे के लिए प्रत्येक गुरुवार को "श्री गुरु रविदास विकास शिविर" आयोजित हो रहे हैं, जहां ग्रामीण अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा योग्य लाभुकों के बीच जाति, आवासीय, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रमाणपत्रों का ऑन-द-स्पॉट वितरण किया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं आवेदकों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे।
3 views | Purnia, Bihar | Sep 1, 2026