जमुई में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, कलाकारों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
जमुई। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, जमुई का शुभारंभ रविवार को चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय, जमुई में किया गया। केंद्र का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने किया।
उद्घाटन के दौरान डीएम ने कहा कि आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र जिले की कला प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। केंद्र में शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य तथा तबला, ढोलक, हारमोनियम सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों का निःशुल्क प्रशिक्षण नवोदित कलाकारों को दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए 6 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक लोग नामांकन करा सकते हैं।
डीएम ने कहा कि विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में जिले के कलाकारों की प्रतिभा को नई पहचान मिलेगी। आर्थिक कठिनाइयों और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण किसी प्रतिभा का विकास बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जमुई में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर जिले को नई गति देने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि कला और रचनात्मक गतिविधियां मानव मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे संस्थानों और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा मिलने से युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को सही दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने नवोदित कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में अपनी रुचि और व्यक्तित्व की विशेषताओं को पहचानकर सही दिशा में मेहनत करने से सफलता हासिल की जा सकती है।
आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के शुरू होने से जमुई जिले के कला एवं संगीत के क्षेत्र में रुचि रखने वाले बच्चों और युवाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। बिहार के अन्य जिलों में भी ऐसे केंद्रों के माध्यम से संगीत, नृत्य और वादन की प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देने की पहल की जा रही है।
Khaira, Jamui | Aug 23, 2026