*नगरीय निकाय चुनाव-2026*
*नगरीय निकायों के चुनावों के सुचारू संचालन को लेकर आरओ, एआरओ एवं सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित*
डीडवाना-कुचामन, 26 अगस्त। जिले में नगरीय निकाय चुनावों के स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारु संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में चुनाव से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं, नामांकन, संवीक्षा (स्क्रूटनी), नाम वापसी और मतदान प्रबंधन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना कड़ाई से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार ने सभी रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निग अधिकारियों को नगरीय निकायों के निष्पक्ष एवं सुचारु चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इसी क्रम में नगरीय निकाय चुनाव में फील्ड व्यवस्था और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए स्थानीय राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिले के सभी सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इस शिविर में चुनाव प्रशिक्षकों द्वारा सेक्टर अधिकारियों को उनके क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, रूट चार्ट, संवेदनशील केंद्रों की निगरानी और ईवीएम प्रबंधन से जुड़ी बारीकियों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर रघुवीर सिंह सहित अन्य द्वारा सेक्टर अधिकारियों को चुनावों के दौरान उनके दायित्वों के बारे में बताया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार ने दोनों ही प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता और सतर्कता के साथ चुनावी कार्यों के संपादन के निर्देश दिए।
------------------------------
Didwana, Nagaur | Aug 26, 2026