गिरिडीह में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, 4.90 लाख बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य
गिरिडीह। जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। गांडेय प्रखंड में उपायुक्त रामनिवास यादव ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले का एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिले में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 4 लाख 90 हजार 549 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिलेभर में 2,337 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं।
उपायुक्त ने ग्रामीण, शहरी और दूर-दराज के इलाकों के साथ झुग्गी-बस्तियों एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वहीं, 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बूथ पर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उपायुक्त ने स्वास्थ्य कर्मियों को प्रभावी निगरानी और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के संकल्प को सफल बनाने में जनभागीदारी और विभागीय समन्वय बेहद जरूरी है। मौके पर सिविल सर्जन, गांडेय के बीडीओ, सीओ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Giridih, Giridih | Nov 22, 2026