आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने को लेकर समाहरणालय सभागार, बांका में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक, बांका की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सभी पूजा स्थलों एवं प्रमुख मंदिरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। विशेष रूप से तेलडीहा मंदिर सहित बाराहाट, संबलपुर एवं अन्य प्रमुख पूजा स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के सभी पंडालों के लिए लाइसेंस/अनुज्ञप्ति अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। बिना अनुमति के किसी भी पंडाल का आयोजन नहीं किया जाए। अनुज्ञप्ति में निर्धारित सभी शर्तों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया। साथ ही, प्रतिमा विसर्जन के लिए पूर्व निर्धारित रूट चार्ट तैयार कर उसी निर्धारित मार्ग से विसर्जन कराने की बात कही गई।
जिला पदाधिकारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहों के प्रसार पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर एवं अन्य लोगों के माध्यम से आमजनों को जागरूक करने का निर्देश दिया कि किसी भी खबर या सूचना को सत्यापित किए बिना शेयर न करें। उन्होंने कहा कि फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाओं से बचें तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल न हों।
उन्होंने शांति समिति के सदस्यों, पूजा समितियों एवं गणमान्य नागरिकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। किसी भी पूजा पंडाल में किसी प्रकार की समस्या होने पर अनुमंडल पदाधिकारी को तत्काल इसकी जानकारी देने को कहा गया, ताकि समय पर उसका समाधान किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूजा पंडाल निर्माण एवं जुलूस के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति/अनुज्ञप्ति प्राप्त करना अनिवार्य है तथा अनुज्ञप्ति में निर्धारित शर्तों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे प्रतिबंधित रहेगा। साउंड सिस्टम का उपयोग निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही किया जाए तथा अत्यधिक तेज आवाज में ध्वनि प्रसारित नहीं की जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपनी जिम्मेदारी समझने तथा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूजा पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। भीड़ प्रबंधन में लगाए जाने वाले सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
प्रतिमा विसर्जन निर्धारित समय पर ही कराने तथा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विसर्जन घाटों को पूर्व में ही चिन्हित कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था का सत्यापन करने को कहा गया, ताकि खतरनाक घाटों की पहचान कर आवश्यक सावधानी बरती जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर पुलिस 24×7 सक्रिय है और सोशल मीडिया पर होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी फेक कंटेंट अथवा अपुष्ट सूचना को बिना सत्यता की जांच किए शेयर न करें।
बैठक में उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं शांति समिति के सदस्यों से जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। इस दौरान शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा पूजा पंडालों एवं विसर्जन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
सदस्यों ने पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग व्यवस्था, विद्युत तारों एवं बिजली व्यवस्था को सुरक्षित रखने, पूजा स्थलों पर आवश्यक प्रकाश व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।
इसके अलावा, जिस मार्ग से प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला जाता है, उस मार्ग का पूर्व निरीक्षण कर सड़क के किनारे आने वाली अनावश्यक टहनियों एवं पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने का सुझाव दिया गया, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
सदस्यों द्वारा पुलिस व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों को भी जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा गया।
जिला पदाधिकारी ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों एवं सजावट में गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित विद्युत तारों का ही उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में विद्युत कनेक्शन एवं तारों के उपयोग के संबंध में विद्युत विभाग से आवश्यक अनापत्ति/प्रमाण-पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को निर्देश दिया कि जिले में बनाए जा रहे सभी पूजा पंडालों के आसपास एवं पंडाल तक आने-जाने वाले रास्तों में कहीं भी बिजली के तार खुले अथवा असुरक्षित स्थिति में न रहें। विद्युत तारों की सुरक्षा एवं उचित व्यवस्था का पूर्व में ही निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने भीड़ नियंत्रण एवं ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रमुख पूजा स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को शांति समिति की बैठक में प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
16 views | Banka, Bihar | Oct 8, 2026