शिक्षकों की मांगों को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की शिक्षा मंत्री से सकारात्मक वार्ता, अधिकांश मांगों पर कार्यवाही के निर्देश
धौलपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण को लेकर विस्तृत वार्ता की। वार्ता सकारात्मक रही तथा शिक्षा मंत्री ने अधिकांश मांगों पर त्वरित कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा एवं जिला मंत्री नवनीत प्रिया त्रिपाठी ने वार्ता को शिक्षक हितों की दिशा में सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि संगठन निरंतर शिक्षकों की समस्याओं एवं मांगों को शासन स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयासरत है।
प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) प्रदेश के लगभग 3 लाख शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन है, जो शिक्षक, शिक्षार्थी एवं शिक्षा के हित में निरंतर चिंतन-मंथन करते हुए शैक्षिक नवाचार एवं शिक्षक हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
वार्ता के दौरान माध्यमिक शिक्षा में स्टाफिंग पैटर्न शीघ्र लागू करने, सत्र 2019-20 से 2025-26 तक क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों का आवंटन कर पदस्थापन प्रक्रिया पूर्ण करने, विद्यालयों में संचालित विषयों के अनुरूप व्याख्याता पद उपलब्ध कराने तथा कक्षा 11 एवं 12 के नामांकन संबंधी पैरामीटर में कमी करने की मांग रखी गई। इसके साथ ही शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने, सभी संवर्गों की पदोन्नति शीघ्र करने तथा विशेष रूप से तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पिछले छह सत्रों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया गया।
महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों को पुनर्स्थापन का विकल्प देने तथा शिक्षा विभाग में नए जिलों के गठन के बाद शिक्षकों एवं कार्मिकों की वरिष्ठता यथावत रखने की मांग भी उठाई गई, जिससे कार्मिक पदोन्नति के अवसर से वंचित न हों।
प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल ने बताया कि शहरी क्षेत्रों एवं आसपास के शिक्षकों की प्रतियोगी परीक्षाओं में ड्यूटी लगाए जाने से उन्हें अवकाश नहीं मिल पाता है, इस समस्या के समाधान का आग्रह किया गया। साथ ही परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं अन्य विभागों को सम्मिलित कर संबंधित विभागों के कार्मिकों की ड्यूटी लगाने का सुझाव दिया गया।
समसा द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली ग्रांट, प्रशिक्षण, पाठ्य पुस्तकों एवं खेलकूद सामग्री आदि के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी करने तथा राशि समय पर उपलब्ध कराने, पंचायती राज विभाग को नॉन ऑटोनॉमस बॉडी मानने के कारण अन्य सेवा में जाने पर पूरी सेवा अवधि का लाभ नहीं मिल पाने की समस्या के समाधान हेतु नियमों में संशोधन करने की मांग भी रखी गई।
इसके अतिरिक्त कम नामांकन होने पर भी राजस्व ग्राम के विद्यालयों को मर्ज नहीं करने, ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा विदेशी एनजीओ बीसीजी को समसा से बाहर करने संबंधी विषय भी शिक्षा मंत्री के समक्ष रखे गए।
जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा एवं जिला मंत्री नवनीत प्रिया त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों की न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयास करता रहेगा तथा शिक्षा एवं शिक्षक हित में सकारात्मक संवाद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा, प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा एवं प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल उपस्थित रहे।