सहरसा: थाने के वॉशरूम में अभियुक्त ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, SHO समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित; SP ने गठित की विशेष जांच टीम
सौरबाजार थाना में प्रेम-प्रसंग से जुड़े मामले के अभियुक्त अनमोल कुमार की मौत से मचा हड़कंप, सुबह करीब 9 बजे शौचालय जाने के दौरान उठाया आत्मघाती कदम; CCTV फुटेज में खुद वॉशरूम में प्रवेश करते दिखा अभियुक्त।
सहरसा। जिले के सौरबाजार थाना में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां प्रेम-प्रसंग से संबंधित कांड संख्या 398/26 के अभियुक्त अनमोल कुमार ने थाना परिसर स्थित वॉशरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 24 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सहरसा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियुक्त अनमोल कुमार शौचालय जाने के दौरान वॉशरूम में गया और वहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में अभियुक्त स्वयं वॉशरूम के अंदर प्रवेश करता हुआ दिखाई दिया है।
__अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित:-
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को सदर अस्पताल, सहरसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव का नियमानुसार राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की गाइडलाइन के तहत मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है। साथ ही वीडियोग्राफी के बीच मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
__SHO समेत पांच पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज:-
घटना में कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं प्रथम दृष्टया हाजत के नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में पुलिस केंद्र सहरसा द्वारा पांच पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों की सूची:
* थानाध्यक्ष (SHO): पु०नि० संजय कुमार सत्यार्थी
* अनुसंधानकर्ता (I.O.): परि०पु०अनि शिवानी कुमारी
* ओडी पदाधिकारी: स०अनि अनंत कुमार सिंह
* सिपाही: पीटीसी/116 मुन्ना कुमार
* ड्यूटी चौकीदार: 6/2 राजकिशोर शर्मा
SP ने गठित की विशेष जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहरसा पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच का आदेश दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। थाने के अंदर अभियुक्त की आत्महत्या और इसके बाद SHO समेत पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन की कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। अब विशेष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने का इंतजार है।
#SaharsaPolice #BiharPolice #SourBazar #SaharsaNews #BiharNews #PoliceAction #NHRC #Saharsa #सहरसा_पुलिस #सौरबाजार #पुलिसकार्रवाई
Kahara, Saharsa | Nov 24, 2026