*इंदौर में जिला सैनिक बोर्ड की बैठक आयोजित, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के निराकरण पर हुई चर्चा*
---
*शहीद स्मारक को जनसामान्य के लिए खोलने तथा पूर्व सैनिकों के लिए एकीकृत परिसर विकसित करने के प्रस्ताव रखे गए*
इंदौर, 29 सितंबर 2026
जिला सैनिक बोर्ड इंदौर की बैठक आज अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं सैनिक परिवारों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके उचित समाधान एवं निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की गई। साथ ही केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं समीक्षा भी की गई।
बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण, सम्मान तथा सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों द्वारा सैनिक परिवारों की समस्याओं के निराकरण तथा उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
*शहीद स्मारक को जनसामान्य के लिए खोलने तथा एकीकृत परिसर विकसित करने के प्रस्ताव*
बैठक के दौरान भूसा मंडी, इंदौर में निर्मित शहीद स्मारक, जो कई वर्षों से बंद पड़ा है, उसे जनसामान्य के लिए खोलने, सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने तथा आवश्यक उन्नयन करने का प्रस्ताव रखा गया। इस पहल का उद्देश्य शहीदों की स्मृतियों को संरक्षित करना तथा आम नागरिकों को उनके त्याग, बलिदान एवं राष्ट्रसेवा से परिचित कराना है।
इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की सुविधाओं के विस्तार के लिए एकीकृत परिसर विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। प्रस्तावित परिसर में सामुदायिक भवन, पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), कैंटीन स्टोर डिपार्टमेंट (CSD कैंटीन) तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर नगेश चन्द्र मालवीय (सेवानिवृत्त) द्वारा किया गया। बैठक के अंत में श्री नवजीवन विजय पंवार ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के भविष्य में भी उचित निराकरण के लिए पूर्ण भरोसा दिलाया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पूर्व सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक तथा शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---
#JansamparkMP #indore #इंदौर #पूर्वसैनिक #SainikWelfare
CM Madhya Pradesh