*इंदौर में युवा संगम रोजगार मेले में 389 युवक-युवतियों का चयन*
---
*23 कंपनियों ने लिया भाग, 664 आवेदकों ने कराया पंजीयन, 33 युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया*
इंदौर, 29 सितंबर 2026
मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बेरोजगार युवक-युवतियों को एक ही छत के नीचे रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को आईटीआई नंदा नगर, इंदौर में एक दिवसीय युवा संगम (रोजगार मेला) का आयोजन किया गया। जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई एवं जिला उद्योग केंद्र इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 23 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से कुल 389 युवक-युवतियों का विभिन्न पदों पर रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के लिए प्रारंभिक रूप से चयन किया गया।
उप संचालक रोजगार श्री पी.एस. मण्डलोई ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 664 आवेदकों ने पंजीयन कराया, जिनमें 530 युवक एवं 134 युवतियां शामिल थीं। इनमें से 298 युवकों एवं 91 युवतियों सहित कुल 389 आवेदकों का एचआर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, डिजिटल मार्केटिंग, टेलीकॉलर, फार्मेसी, बैक ऑफिस, ट्रेनी, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कोपा, टर्नर एवं ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों के लिए प्रारंभिक चयन किया गया।
रोजगार मेले में ऊर्जा टेक्निकल सर्विसेज, जे.जे. इंडस्ट्रीज, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, डेल्हीवरी लिमिटेड, श्याम ऑटोमोटिव, मोसाइक वर्क स्किल, एलएंडटी सहित कुल 23 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर आवेदकों के साक्षात्कार लिए तथा उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
*स्वरोजगार के इच्छुक 33 आवेदकों को दिया मार्गदर्शन*
युवा संगम कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों द्वारा स्वरोजगार के इच्छुक 33 आवेदकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। आवेदकों को स्वरोजगार स्थापित करने, योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा आवश्यक प्रकरण तैयार करने के संबंध में जानकारी देकर स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया गया।
*अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत 24 आवेदकों का चयन*
शासन की अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत भी 24 आवेदकों का चयन कर उन्हें संबंधित कंपनियों में भेजा गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर उनके कौशल का विकास करना तथा भविष्य में रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई एवं जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। संभागीय आईटीआई की प्राचार्य श्रीमती रीना सोलंकी ने रोजगार मेले में उपस्थित सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
---
#JansamparkMP
#indore
#इंदौर