विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ युवा कांग्रेस का विरोध,राज्यपाल को ज्ञापन देने जा रहे युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पुलिस ने रोका
कुलपति और कुलसचिव पर गंभीर आरोप, शिक्षकों के समायोजन में 15 से 25 लाख रुपये मांगने का आरोप; कुलपति को पद से हटाने की मांग
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं,बढ़ती फीस एवं शैक्षणिक व्यवस्था की बदहाली के विरोध में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राम जी अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति के नाम ज्ञापन सौंपा।युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राम जी अवस्थी ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा कल से ही उनके आवास के बाहर निगरानी रखी जा रही थी। आज सुबह जब वह अपने साथियों के साथ राज्यपाल के आगमन पर ज्ञापन देने के लिए घर से निकले तो पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना अपने अधिकारियों को दी। जिसके तत्काल बाद चौकी इंचार्ज सुशांत सिंह रावत मौके पर पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत से वार्ता कर ज्ञापन दिलाने की बात कही।
इसके बाद जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ता ज्ञापन देने के लिए आगे बढ़े तो पुलिस प्रशासन ने रास्ता रोककर सभी को चौकी अजीजगंज ले गए। वहां सिटी मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी की कार्यक्रम मे व्यस्तता के चलते तहसीलदार न्यायिक राघवेश मणि त्रिपाठी एवं कोतवाली थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय पहुंचे। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से वार्ता की, जिसके बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राम जी अवस्थी ने कहा कि हम राज्यपाल, जो विश्वविद्यालय की कुलाधिपति भी हैं, को विश्वविद्यालय की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना चाहते हैं। विश्वविद्यालय में कुलपति और कुलसचिव ने विश्वविद्यालय को लूट का अड्डा बना रखा है। शिक्षकों के समायोजन के नाम पर 15 से 25 लाख रुपये तक मांगे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यह अत्यंत गंभीर विषय है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र 22 अक्टूबर को प्रारंभ कराया गया है और दिसंबर में ही परीक्षाएं कराने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में महज एक महीने से कुछ अधिक समय में पाठ्यक्रम कैसे पूरा होगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिल पाएगी? विश्वविद्यालय प्रशासन की यह कार्यप्रणाली विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।राम जी अवस्थी ने राज्यपाल से मांग की कि विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, शिक्षकों के समायोजन में धन मांगने की शिकायतों एवं शैक्षणिक अनियमितताओं की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आरोपों की गंभीरता को देखते हुए कुलपति को तत्काल पद से हटाया जाए। यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो युवा कांग्रेस प्रदेश एवं जिला स्तर पर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
जिला उपाध्यक्ष शोभित मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है, लेकिन यहां जिस प्रकार की शिकायतें सामने आ रही हैं, वे बेहद चिंताजनक हैं। शिक्षकों के समायोजन में धन मांगने और शैक्षणिक सत्र को लेकर की जा रही मनमानी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी अनुभव ने कहा कि विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं के विरुद्ध आवाज उठाना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। पुलिस प्रशासन द्वारा जिलाध्यक्ष के आवास पर निगरानी रखना और कार्यकर्ताओं को ज्ञापन देने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। युवा कांग्रेस विद्यार्थियों एवं युवाओं के भविष्य की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी और दोषियों पर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखेगी।इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला महासचिव शिवओम मिश्रा,हिमांशु मुद्गल,अंकुर दीक्षित,रजनीश वर्मा,नितिन तिवारी,प्रशांत कुमार,सुधांशु मिश्रा,शिवांश कुमार,केशव मिश्रा,जितेंद्र पाल,दीपांश वर्मा,हर्षित आदि लोग मौजूद रहे।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Nov 3, 2026