#भरतपुर। आर्य समाज बयाना ने हरियाली पर्व के उपलक्ष्य में आर्य समाज भवन में सांस्कृतिक व मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किया। आचार्या हेमलता शास्त्री के सानिध्य में महिलाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पवित्र यज्ञ में आहुतियां देकर कार्यक्रम की शुरुआत की। अपने संबोधन में आचार्या शास्त्री ने वैदिक संस्कृति और जीवन मूल्यों को अपनाने तथा महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों पर चलने का आह्वान किया। समारोह में 80 से अधिक महिलाओं व बच्चों ने भाग लिया, जहां हरियाली तीज के मल्हार, अंताक्षरी और विभिन्न मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। लकी ड्रॉ की विजेता रीता बंसल, हेमलता गुप्ता, पिंकी गुप्ता और दीपा बंसल को 'सत्यार्थ प्रकाश' पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी को धार्मिक पुस्तकें वितरित कर अल्पाहार कराया गया।