गोह के बैजलपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान डायल 112 पहुंची, पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप; वायरल वीडियो की होगी जांच
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड अंतर्गत उपहारा थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव में दो गोतनियों के बीच हुए पारिवारिक विवाद के बाद मामला उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
जानकारी के अनुसार, गांव में दो गोतनियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर किसी ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में पुलिस और युवक के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि वीडियो बनाने वाला युवक पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा और गाली-गलौज भी कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इस संबंध में उपहारा थाना प्रभारी आकाश कुमार ने बताया कि बैजलपुर गांव में दो गोतनियों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है और वायरल वीडियो में दिखाई गई घटनाओं का वास्तविक घटनाक्रम क्या था।