अलकेश्वर घाट स्थित नैथाना झूला पुल से गुरुवार को एक युवक द्वारा अलकनंदा नदी में छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
श्रीनगर पुलिस के अनुसार, 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक ने नैथाना झूला पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी है। सूचना देने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ स्कूटी से चौरास की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बहन की नजर पुल पर मौजूद एक युवक पर पड़ी, जो नदी में कूदने का प्रयास कर रहा था।
बताया गया कि दोनों भाई-बहन ने युवक को आवाज लगाकर नदी में छलांग लगाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने उनकी बात नहीं मानी और पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में युवक की तलाश में सर्च अभियान चला रही है। पुलिस के मुताबिक अभी तक छलांग लगाने वाले युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है।