उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न; यातायात जाम, अतिक्रमण एवं कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा पर विशेष बल,
शिवहर:उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति, परिवहन, सीसीटीवी अधिष्ठापन एवं हाईवे टास्क फोर्स से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल दंडाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से शहर में यातायात जाम की समस्या, पीएम राहत कैशलेस योजना, साप्ताहिक अतिक्रमण हटाओ अभियान, चालान की राशि की वसूली तथा आगामी ठंड के मौसम में धुंध एवं कोहरे से उत्पन्न होने वाले जोखिमों को कम करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
यातायात जाम के निराकरण हेतु समन्वित कार्रवाई पर बल
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर जाम की समस्या की समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को जाम के कारणों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सड़क किनारे अव्यवस्थित वाहन पार्किंग, अनधिकृत ठहराव एवं अतिक्रमण के कारण आवागमन में उत्पन्न होने वाली बाधाओं को दूर करने पर विशेष बल दिया गया। यातायात पुलिस, परिवहन विभाग एवं संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ यातायात प्रबंधन सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
नियमित रूप से चलाया जाए साप्ताहिक अतिक्रमण हटाओ अभियान
बैठक में सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए साप्ताहिक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने पर विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को समन्वित कार्ययोजना के अनुरूप अभियान संचालित करने तथा अतिक्रमण हटाए गए स्थलों पर पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया। कार्रवाई के दौरान यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि आमजन, पैदल यात्रियों एवं आपातकालीन वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न नहीं हो।
पीएम राहत कैशलेस योजना की समीक्षा
पीएम राहत कैशलेस योजना की समीक्षा के दौरान सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ससमय उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया। योजना के प्रावधानों के अनुरूप पात्र दुर्घटना पीड़ितों को लाभ दिलाने तथा इसके संबंध में आवश्यक जानकारी का प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
चालान की राशि की वसूली में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश
यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में निर्गत चालान एवं उनकी राशि की वसूली की स्थिति की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने लंबित मामलों की नियमानुसार समीक्षा करते हुए चालान की राशि की वसूली में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया। साथ ही, नियमित वाहन जांच एवं यातायात नियमों के अनुपालन के माध्यम से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
धुंध एवं कोहरे को देखते हुए रिफ्लेक्टर लगाने पर विशेष जोर
आगामी ठंड के मौसम में धुंध एवं कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की स्थिति को देखते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को प्रमुख मार्गों, दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों, तीखे मोड़ों एवं आवश्यक स्थानों पर रिफ्लेक्टर तथा परावर्तक संकेतक लगवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप की उपलब्धता एवं उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन परिचालन के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
सीसीटीवी अधिष्ठापन एवं हाईवे टास्क फोर्स की कार्यप्रगति की समीक्षा
बैठक में सीसीटीवी अधिष्ठापन से संबंधित कार्यों एवं हाईवे टास्क फोर्स की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। यातायात निगरानी एवं प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए संबंधित कार्यों में प्रगति लाने तथा विभागीय समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कृत कार्रवाई की अद्यतन प्रगति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिए नियमित निगरानी, जनजागरूकता तथा प्रभावी प्रवर्तन को आवश्यक बताया।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं व्यवसायियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। नागरिकों से सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने, निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़ा करने तथा यातायात नियमों का पालन करने का अनुरोध किया गया। साथ ही, धुंध एवं कोहरे के दौरान वाहन की गति नियंत्रित रखने, आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा विशेष सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की गई।