भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, सागवान की अवैध लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, पांच गिरफ्तार
बलरामपुर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौवीं वाहिनी एसएसबी, बलरामपुर को बड़ी सफलता मिली है। बीओपी भगवानपुर की टीम ने अवैध रूप से परिवहन की जा रही सागवान की लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद ट्रैक्टर-ट्रॉली और लकड़ी को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि बीओपी भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम विष्णुपुर विश्राम के पास एक बगीचे में अवैध सागवान की लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। जांच में ट्रॉली से बिना किसी वैध परमिट के 28 बोटा सागवान की लकड़ी बरामद हुई।
मौके पर मौजूद चालक समेत पांच लोगों से लकड़ी के कटान और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी व्यक्ति वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एसएसबी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और लकड़ी को जब्त करते हुए सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि इस पूरे मामले का संबंध पचपेड़वा थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हई निवासी ठेकेदार अब्दुल हलीम से है, जो लकड़ी के क्रय-विक्रय और परिवहन का कार्य करता है। जानकारी के अनुसार सागवान की लकड़ी फर्नीचर निर्माण के लिए बहराइच, लखीमपुर सहित अन्य जनपदों के कारोबारियों तक पहुंचाई जाती थी।
कार्रवाई के दौरान एसएसबी ने 28 बोटा सागवान की लकड़ी तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली (पंजीकरण संख्या UP55D-7376) को जब्त किया। सभी आरोपियों और बरामद सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग की भाभर रेंज के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां वन अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, वन संपदा की अवैध कटान और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।