राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री आशुतोष अग्रवाल के मार्गदर्शन में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री ब्रजेश पटेल ने ग्राम जमुनिया, लेडरा, नगुला एवं विचारपुर स्थित विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), नशामुक्ति अभियान, बच्चों के मौलिक अधिकारों एवं शिक्षा के अधिकार के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा बाल विवाह, शोषण एवं बाल अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान श्री पटेल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्थिति एवं अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के संबंध में भी जानकारी ली।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी एवं मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बाल अपराधों की रोकथाम तथा बच्चों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#anuppur
@jansamparkmp