रतनगढ़ माता मंदिर में दीपावली दौज मेला-2026 की तैयारियों को लेकर आयुक्त श्री मनोज खत्री ने की समीक्षा बैठक
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता, सभी निर्माण कार्य 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश
रतनगढ़ माता मंदिर में दीपावली दौज के अवसर पर 9, 10 एवं 11 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर आज ग्वालियर संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर-चंबल श्री सुनील कुमार जैन, कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आयुक्त श्री खत्री ने मेले की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी निर्माण एवं सुधार कार्य 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और आवागमन की बेहतर व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मेले से पहले अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करें और कमियों को समय रहते दूर करें।
निर्माण कार्य, पेयजल और जनसुविधाओं पर जोर
संभाग आयुक्त ने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और पहुंच मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए यात्री सदन, सुलभ कॉम्प्लेक्स, पार्किंग, पेयजल टंकियों, पेयजल लाइन, सामुदायिक भवन, स्वागत द्वार, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, प्रकाश व्यवस्था, कॉरिडोर में छाया शेड एवं श्रद्धालु जनसुविधा केंद्र के कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्री हटाकर मार्गों को बाधामुक्त रखने तथा मंदिर मार्गों की मरम्मत और सुरक्षा ऑडिट में सामने आई कमियों को दूर करने को कहा।
सुरक्षा, स्वास्थ्य और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था
मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, महिला सुरक्षा दल, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार, स्ट्रेचर, एंटीवेनम, एसडीईआरएफ, अग्निशमन वाहन, गोताखोर और आपदा प्रबंधन संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग सुगम रखने तथा पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और फीडबैक व्यवस्था
आयुक्त ने श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल, पानी की टंकियों की नियमित सफाई, पेयजल की गुणवत्ता जांच, खाद्य पदार्थों की नियमित जांच और मेला क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत सुरक्षा, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं से सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त करने के लिए प्रवेश और निकास सहित उपयुक्त स्थानों पर क्यूआर कोड लगाने की व्यवस्था विकसित करने को कहा गया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्री वानखड़े ने सभी अधिकारियों को मेले से पहले व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं अन्य तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराएं।
पुलिस अधीक्षक श्री खंडेलवाल ने महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने, महिला पुलिस बल की तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार जैन ने प्रभावी संचार व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Gwalior Commissioner
Collector Office Datia
#datia #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #दतिया #MadhyaPradesh