स्वर्गीय कर्नल धर्मवीर सिंह चम्बियाल की स्मृति में मेमोरियल मेरिट स्कॉलरशिप शुरू, मेधावी छात्राओं को मिले ₹6-₹6 हजार
प्रदीप ठाकुर/रक्कड़
रक्कड़, 23 अक्टूबर। राजीव गांधी डे-बोर्डिंग मॉडल स्कूल, ढलियारा में स्वर्गीय कर्नल धर्मवीर सिंह चम्बियाल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनकी धर्मपत्नी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या श्रीमती इंदिरा चम्बियाल ने मेमोरियल मेरिट स्कॉलरशिप योजना का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा स्वर्गीय कर्नल धर्मवीर सिंह चम्बियाल की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखना है।
इस छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 10वीं तथा 12वीं के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
योजना के तहत इस वर्ष चार मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया। इनमें कक्षा 10वीं की पलक, कक्षा 12वीं कला संकाय की कोमल, वाणिज्य संकाय की हिमानी ठाकुर तथा विज्ञान संकाय की सोनल मनकोटिया शामिल हैं। श्रीमती इंदिरा चम्बियाल ने प्रत्येक छात्रा को 6,000 रुपये की राशि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उनकी सुपुत्री शिवाली सिंह भी उपस्थित रहीं।
विद्यालय से रहा कर्नल धर्मवीर सिंह चम्बियाल का विशेष जुड़ाव
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री श्याम मुरारी ने स्वर्गीय कर्नल धर्मवीर सिंह चम्बियाल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 1940 में इसी विद्यालय से चौथी कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की थी और वे सदैव प्रथम स्थान पर रहे। वर्ष 1964 में भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद उन्होंने भारतीय सेना में सेवाएं दीं। उन्होंने वर्ष 1965 और 1971 के युद्धों में भी सक्रिय भाग लिया।
उन्होंने बताया कि यह विद्यालय के लिए गर्व की बात है कि कर्नल धर्मवीर सिंह चम्बियाल का इस संस्थान से गहरा जुड़ाव रहा। संयोगवश, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती इंदिरा चम्बियाल ने भी वर्ष 1970 में इसी विद्यालय से अपने अध्यापन कार्य की शुरुआत की थी।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल
प्रधानाचार्य श्री श्याम मुरारी तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ ने इस प्रेरणादायी पहल के लिए श्रीमती इंदिरा चम्बियाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह छात्रवृत्ति योजना विद्यार्थियों को शैक्षणिक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही, स्वर्गीय कर्नल धर्मवीर सिंह चम्बियाल के अनुशासित, प्रेरणादायी एवं गौरवपूर्ण जीवन की स्मृतियों को भी जीवंत बनाए रखेगी।
विद्यालय में शुरू की गई यह पहल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Rakkar, Kangra | Oct 28, 2026