मंत्री द्वारा गोद लिए ऐतिहासिक गाँव सिही की बदहाली पर बरसे पूर्व विधायक नीरज शर्मा
एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने सीही गांव की बदहाल सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री विपुल गोयल द्वारा गांव को गोद लिए जाने के बावजूद लोगों को बुनियादी समस्याओं से राहत नहीं मिली है।
जारी प्रेस नोट में शर्मा ने कहा कि गांव की गलियों और सड़कों पर बिना बारिश के भी गंदा पानी और कीचड़ जमा रहता है। इससे स्थानीय निवासियों, महिलाओं और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी होती है।
जनप्रतिनिधियों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने मेयर, पार्षद, विधायक, सांसद और मंत्री तक चुनकर कई ‘इंजन’ जोड़ दिए, लेकिन इसके बावजूद लोग नारकीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में गांव की समस्याओं का समुचित समाधान नहीं हुआ।
सीही के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए शर्मा ने गांव स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर और उससे जुड़ी पौराणिक मान्यताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण गांव में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी चिंताजनक है।
गांव में बच्ची की बोरवेल में गिरने से हुई मृत्यु का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। शर्मा ने भाजपा जनप्रतिनिधियों से पूछा कि चुनाव के दौरान किए गए विकास के वादों के बावजूद गांव के लोग इन परिस्थितियों में क्यों रह रहे हैं।