गिद्ध संरक्षण की दिशा में दक्षिण पन्ना वनमंडल की पहल, कटनी से आए बच्चों और युवाओं ने सीखी पर्यावरण संरक्षण की अहमियत
प्रकृति के करीब पहुंचे बच्चे, जाना गिद्धों का पर्यावरण संतुलन में महत्वपूर्ण योगदान।
पन्ना। दक्षिण पन्ना वनमंडल के पवई वन परिक्षेत्र में कटनी से आए विज़न ग्रुप के लगभग 50 बच्चों, युवाओं एवं अभिभावकों के लिए गिद्ध संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को लेकर शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।
विज़न ग्रुप की पहल "पर्यावरण संरक्षण हेतु युवाओं की पहल" के तहत आयोजित इस भ्रमण में वन विभाग के कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को गिद्धों के पारिस्थितिक महत्व, पर्यावरण को स्वच्छ रखने में उनकी भूमिका और उनके सामने मौजूद चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान दक्षिण पवई एवं बिरहा के बीट प्रभारी वनपाल मनीष कुमार वर्मा तथा मोहड़िया के बीट प्रभारी वनरक्षक पीयूष शाक्य उपस्थित रहे। बच्चों एवं युवाओं ने वन्यजीव संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं को समझा और प्रकृति के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
दक्षिण पन्ना में लगातार बढ़ रही गिद्धों की संख्या
गिद्ध संरक्षण के क्षेत्र में दक्षिण पन्ना वनमंडल के प्रयास उत्साहजनक परिणाम दे रहे हैं।
- वर्ष 2024 में 648 गिद्ध दर्ज हुए।
- वर्ष 2025 में संख्या बढ़कर 762 हुई।
- फरवरी 2026 की गणना में रिकॉर्ड 1,127 गिद्ध दर्ज किए गए।
भारतीय गिद्ध, सफेद पीठ वाला गिद्ध और मिस्र गिद्ध सहित कई प्रजातियां यहां पाई जाती हैं।
गिद्धों के सुरक्षित प्राकृतिक आवासों का संरक्षण, नियमित गणना, जनजागरूकता और गिद्ध हितैषी गौशाला स्व-प्रमाणीकरण जैसी पहल वन विभाग के संरक्षण प्रयासों को नई दिशा दे रही हैं।
प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में गिद्धों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इनके संरक्षण के लिए जागरूकता और जनभागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत है।
दक्षिण पन्ना वनमंडल, पवई (जिला पन्ना)
#PannaTigerReserve #SouthPannaForestDivision #VultureConservation #WildlifeConservation #EnvironmentProtection