बालश्रम समाज पर कलंक, मिलकर करने होंगे प्रयास- विशनाराम बिश्नोई
बालश्रम न करवाए, होगी सख्त कार्यवाही- बिश्नोई
(12 जून विश्व बालश्रम निषेध दिवस विशेष, सलूम्बर पुलिस लाइन में कार्यशाला संपन्न)
सलूम्बर, 12.06.2026 | बालश्रम सामाजिक बुराई होने के साथ हमारे समाज पर कलंक है l बालश्रम मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है, सरकारी और स्वयं सेवी संस्थाओं को मिलकर कार्य करना होगा एवं जो लोग बच्चों से जबरन बालश्रम करवाते है उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी l उक्त विचार विश्व बालश्रम निषेध दिवस के उपलक्ष्य में जिला पुलिस प्रशासन, गायत्री सेवा संस्थान एवं अजमी प्रेम जी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन सलूम्बर में आयोजित कार्यशाला को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक, सलूम्बर विशनाराम बिश्नोई ने व्यक्त किए l
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति, उदयपुर की कार्यकारी अध्यक्ष यशोदा पनिया ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, शिक्षा एवं संरक्षण का अधिकार है। उन्होंने बालश्रम के विरुद्ध समाज को जागरूक होने तथा बच्चों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया साथ ही इस दिशा में गायत्री सेवा संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की l
इस अवसर पर गायत्री सेवा संस्थान की परियोजना अधिकारी पायल कनेरिया ने संस्थान द्वारा बाल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए जून माह में पुलिस विभाग के उमंग-7 के तहत जुड़कर विशेष अभियान सलूम्बर में संचालित करने की बात कही l
कार्यक्रम का संचालन पुलिस लाइन मेजर कल्पेश पाटीदार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मानव तस्करी विरोधी यूनिट से बहादुर लाल, गायत्री सेवा संस्थान के नारायणलाल आहारी, रमेश चौबीसा एवं जागृति श्रीमाली सहित पुलिस विभाग के थानो के बाल कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बाल श्रम निषेध कानून, बाल संरक्षण एवं बच्चों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने बालश्रम मुक्त समाज के निर्माण तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।