*बस्ती: मूसलाधार बारिश में पानी में भीगते हुए मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव और मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने किया बाढ़ प्रभावित सुविखा बाबू क्षेत्र का निरीक्षण*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 24 अगस्त 2026
सोमवार को जब तेज बारिश से पूरा बस्ती जिला तर-बतर था, तब *मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव* और *मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती* अपनी टीम के साथ बाढ़ के पानी में उतरकर पीड़ितों का हाल जानने पहुंच गए। तहसील हर्रैया के बाढ़ से घिरे *सुविखा बाबू क्षेत्र* में अधिकारियों ने बारिश में भीगते हुए पैदल भ्रमण किया।
मंडलायुक्त रेनकोट पहने, तो कुछ अधिकारी छाता लिए, कीचड़ और जलभराव वाले रास्तों से होते हुए ग्रामीणों की झोपड़ियों तक पहुंचे। न मौसम की चिंता की, न फिसलन भरे रास्तों की। मौके पर नाव, कटान व्यवस्था और राहत कार्यों की हकीकत देखी।
*मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव* ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित गांवों में नावों की संख्या बढ़ाई जाए और नाव संचालन में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो। किसी भी ग्रामीण को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में *स्नेक वेनम* की पर्याप्त उपलब्धता रहे, एम्बुलेंस मौके पर तैनात रहे। बाढ़ क्षेत्र के लिए दवाओं की चेकलिस्ट और स्वच्छ पेयजल के लिए क्लोरीन की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारी रोजाना बाढ़ की रिपोर्ट से अवगत कराएं।
उन्होंने गांव में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर राहत सामग्री के बारे में पूछा। ग्रामीणों ने बताया कि राशन किट मिल रही है। इस पर मंडलायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र परिवार राहत से वंचित न रहे।
सबसे अहम निर्देश स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिया गया। *मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव* ने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में बच्चों को नाव से लाने-ले जाने के दौरान *प्रत्येक बच्चे को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य* है। इसके लिए लेखपालों की ड्यूटी लगाई जाए और बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
वहीं *मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती* ने मौके पर ही राजस्व टीम को सक्रिय रहने और हर परिवार तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान *अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह, संजय शुक्ला* सहित लेखपाल और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे और पूरी तरह बारिश में भीगते हुए भ्रमण में साथ रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के इस मानवीय जज्बे की सराहना की। Kirti Prakash Bharti
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश,
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 24, 2026