जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से स्कूलों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों तथा छात्रावासों के अधीक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी संस्थान प्रमुख विद्यार्थियों को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए प्रभावी प्रयास करें। बच्चों के व्यवहार पर नजर रखें, उनकी नियमित काउंसलिंग करें तथा उन्हें खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें। यह निर्देश कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने सांदीपनि विद्यालय छतवई में आयोजित जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक में दिए।
कलेक्टर श्री जायसवाल ने कहा कि बच्चों में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रतिबंधित मादक पदार्थों एवं बाजारों में उपलब्ध नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ना आवश्यक है। सभी प्राचार्य एवं शिक्षक विद्यालयों तथा छात्रावासों में नशामुक्ति समितियों का गठन करें। विद्यार्थियों के व्यवहार पर नजर रखें और आवश्यकता के अनुसार उनकी काउंसलिंग करें। प्रत्येक सप्ताह एक विशेष कालखंड विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की काउंसलिंग के लिए अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों के आसपास बिकने वाले नशीले पदार्थों पर भी नजर रखी जाए। इस संबंध में गोपनीय रूप से दूरभाष क्रमांक *07652-241700* पर जानकारी दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा तथा प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने विद्यालयों में खेल गतिविधियों, स्काउट एवं एनसीसी की गतिविधियां नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। जिन विद्यालयों में स्मार्ट कक्षा की सुविधा उपलब्ध है, वहां विद्यार्थियों की संगोष्ठियां आयोजित कर नशे से होने वाले दुष्परिणामों पर आधारित वीडियो एवं फिल्में दिखाई जाएं।
उन्होंने कहा कि छात्रावासों में अधीक्षक एवं संस्था के प्राचार्य नियमित रूप से विद्यार्थियों से संवाद करें। उनकी आवश्यकताओं एवं सुविधाओं में वृद्धि की जाए, ताकि बच्चों के मन में किसी प्रकार का असंतोष उत्पन्न न हो। छात्रावासों से संबंधित शिकायतों की जानकारी भी जिला प्रशासन के दूरभाष क्रमांक 07652-241700 पर दी जा सकती है। छात्रावासों के आसपास यथासंभव पुलिस गश्त की व्यवस्था भी की जाएगी।
*विद्यार्थियों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दें शिक्षक*
सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने कहा कि विद्यार्थियों में अपार ऊर्जा होती है। शिक्षक इस ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में कर उन्हें जीवन की नई ऊंचाइयां प्राप्त करने के लिए प्रेरित करें। विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद एवं सामाजिक कार्यों से जोड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है।
*नशामुक्त भारत अभियान में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण*
उप संचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय सुश्री प्रज्ञा मरावी ने कहा कि नशे से दूरी है जरूरी, नशा नाश की जड़ है भाई, इससे दूर रहें मेरे भाई। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा नशामुक्त भारत अभियान संचालित किया जा रहा है। इसकी सफलता विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों तथा प्राचार्यों के समन्वित प्रयासों और नियमित गतिविधियों पर निर्भर है।
उन्होंने सभी विद्यालयों एवं छात्रावासों में नशामुक्ति समितियों का गठन करने, नशामुक्त क्षेत्र बनाने, निगरानी के लिए मॉनीटर नियुक्त करने तथा 100 गज की दूरी पर पीली रेखा अथवा सूचना पट्ट लगाने की आवश्यकता बताई। साथ ही विद्यालयों से 500 मीटर की दूरी तक नशीले पदार्थों के विक्रय पर रोक लगाने के लिए प्रभावी निगरानी करने की बात कही।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा प्रतिवर्ष 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस, 26 जून को नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम संबंधी दिवस, 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक नशामुक्ति सप्ताह तथा 30 जनवरी को मद्य निषेध दिवस मनाया जाता है।
*प्राचार्यों ने भी दिए महत्वपूर्ण सुझाव*
बैठक में प्राचार्य हर्री-भर्री विद्यालय श्री डीसी मिश्रा, सांदीपनि विद्यालय मऊ के प्राचार्य श्री प्रेमलाल मिश्रा, रघुराज क्रमांक-1 की प्राचार्य श्रीमती आभा शुक्ला, कस्तूरबा गांधी छात्रावास सोहागपुर की अधीक्षिका, सांदीपनि विद्यालय जयसिंहनगर के प्राचार्य श्री राजीव तिवारी, सांदीपनि विद्यालय छतवई की प्राचार्य श्रीमती अर्चना खरे, एकलव्य विद्यालय शहडोल के प्राचार्य श्री श्रद्धानन्द दुबे, हाईस्कूल लालपुर के प्राचार्य श्री सत्यकुमार गुप्ता, हायर सेकेंडरी स्कूल खड़ुहली ब्यौहारी के प्राचार्य श्री सत्य प्रकाश द्विवेदी, हायर सेकेंडरी स्कूल गुर्रा के प्राचार्य श्री अनिल द्विवेदी तथा अंग्रेजी माध्यम स्कूल जयसिंहनगर की प्राचार्य श्रीमती अनीता प्रजापति ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल की उपस्थिति में आयोजित इस जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अतुल चौधरी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनंद राय सिन्हा, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी तथा कलापथक दल के सदस्य उपस्थित रहे।
#शहडोल
Shahdol, Madhya Pradesh | Nov 12, 2026