#भरतपुर। भुसावर नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा, पुलिस उपाधीक्षक नीरज भारद्वाज और नगरपालिका ईओ राजेश पाठक ने भुसावर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर पेयजल, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं और मतदान के दिन किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उपखंड अधिकारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार भुसावर के सभी 25 वार्डों के मतदान बूथों की जांच की गई है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराना है, जिसके लिए हर वार्ड में सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।