#नहीं_थम_रही_अस्पतालों_में_घूसखोरी!
भरतपुर। रूपबास उपजिला अस्पताल में एंबुलेंस सुविधा और कागजी कार्रवाई के नाम पर अवैध वसूली और परिजनों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल कर्मचारी पर 104 एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने और दस्तावेजों को ऑनलाइन दर्ज करने के बदले मरीजों के परिजनों से ₹500 की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि कुछ परिजनों द्वारा राशि दे दिए जाने के बाद अन्य लोगों ने इसका विरोध करते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा कर दिया। आरोप है कि विरोध बढ़ता देख संबंधित कर्मचारी परिजनों से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगा और मामला तूल पकड़ते ही अस्पताल छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं, पीड़ित परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि के परिजन ने आरोपी कर्मचारी के बचाव में आकर उन्हें डराया-धमकाया और थप्पड़ उठाकर मारपीट करने की चेतावनी दी। फिलहाल, परिजनों में अस्पताल प्रशासन और इस कथित दबंगई को लेकर भारी रोष व्याप्त है।