अरवल में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीजे पर प्रतिबंध; विसर्जन जुलूस में 50 स्वयंसेवक रहेंगे तैनात
अरवल। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर अरवल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने जिलेवासियों से श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा का महापर्व मनाने की अपील की है। साथ ही, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे एवं तेज ध्वनि वाले साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, मूर्ति विसर्जन के दौरान केवल लाइसेंसधारी समितियां ही निर्धारित नियमों का पालन करते हुए जुलूस निकाल सकेंगी। जिले में अब तक 96 लाइसेंस वितरित किए जा चुके हैं। मूर्ति विसर्जन के लिए 57 घाट चिह्नित किए गए हैं, जहां सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई है। संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है।
उन्होंने बताया कि अरवल जिले में एनएच-110 जहानाबाद रोड और एनएच-139 पटना-औरंगाबाद रोड के किनारे बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित हैं। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रत्येक पूजा समिति से 50 स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने पूजा समितियों को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने से पहले अनुमति लेना अनिवार्य बताया है। अश्लील एवं अभद्र नृत्य-गानों पर रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली समितियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा, वाहन चालकों को मोटरसाइकिल में डबल लॉक लगाने तथा महिलाओं को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने सामान की सुरक्षा करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से दुर्गा पूजा मनाने की अपील की है। Public ki Awaz Public Ki Awaz - News Arvind Yadav
Arwal, Arwal | Oct 16, 2026