प्रेस विज्ञप्ति
27 नवंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
शीर्षक: जिला पदाधिकारी ने जनता दरबार में सुनीं आम नागरिकों की समस्याएं, 16 आवेदनों पर की सुनवाई, संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
जमुई: बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ पहल के तहत आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा।
जनता दरबार के दौरान कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद एवं भूमि-राजस्व से संबंधित मामले, आवागमन के रास्ते को अवरुद्ध किए जाने, नाली निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों में उत्पन्न समस्याओं से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। इसके अतिरिक्त विद्यालय की जांच कराने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने, आवास से संबंधित समस्याओं के समाधान तथा विद्युत तार की मरम्मत कराने जैसे मामले भी आवेदकों द्वारा जिला पदाधिकारी के रखें गये। जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया
जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को बारी-बारी से गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच करते हुए नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता, गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, प्रत्येक मामले में की गई कार्रवाई एवं उसके निष्पादन की अद्यतन स्थिति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराएं, ताकि शिकायतों के निष्पादन की नियमित निगरानी की जा सके और आवेदकों को समयबद्ध न्याय एवं राहत मिल सके।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जमुई, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनशिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Jamui, Bihar | Nov 27, 2026