कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण
लखीसराय। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 को स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक, लखीसराय श्रीमती प्रेरणा कुमार द्वारा जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्वाचन से संबंधित तैयारियों, मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हलसी, चानन, पिपरिया, सूर्यगढ़ा, बड़हिया एवं लखीसराय प्रखंड सहित लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण किया गया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखें। साथ ही, निर्वाचन कार्य में पूर्ण सतर्कता बरतने और विधि-व्यवस्था संधारण के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत लखीसराय जिले में कुल 3,753 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2,940 पुरुष एवं 813 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की निरंतर निगरानी की जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो तथा मतदाताओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
जिला प्रशासन, लखीसराय निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
#जिला_प्रशासन_लखीसराय
#लखीसराय
#Lakhisarai
#LakhisaraiBihar
#DistrictAdministration #DistrictAdministrationLakhisarai
#DM_Lakhisarai #JansamparkLakhisarai
Lakhisarai Police
Lakhisarai, Bihar | Oct 23, 2026