भिवानी में हनी ट्रैप में फंसाकर ₹ 05 लाख ठगने वाले गिरोह के पांचवें आरोपी को किया गिरफ्तार
भिवानी।
देवेंद्र निवासी हिसार ने थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह ठेकेदारी का कार्य करता है। दिनांक 16.10.2025 को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया, जिसने अपना नाम प्रिया बताया। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। दिनांक 22.10.2025 को शिकायतकर्ता को चरखी दादरी जाना था, लेकिन उसने प्रिया को भिवानी मिलने के लिए कहा। उसी दिन शिकायतकर्ता बस स्टैंड भिवानी पर प्रिया से मिला। प्रिया ने अपनी स्कूटी शिकायतकर्ता की गाड़ी के आगे लगाकर उसे हनुमान ढाणी स्थित एक मकान पर ले गई।
मकान में पहुंचने के बाद प्रिया ने पहले शिकायतकर्ता की शर्ट उतरवाई और स्वयं बाथरूम में चली गई। बाथरूम से बाहर आने पर प्रिया ने भी अपने कपड़े उतार दिए। इसी दौरान अचानक दो युवक कमरे में आ गए, जिन्होंने शिकायतकर्ता की पैंट उतरवाकर उसके साथ मारपीट की और उसकी वीडियो बना ली। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ₹ 10 लाख की मांग की। बातचीत के बाद आरोपियों ने ₹ 05 लाख में समझौता किया। इस दौरान शिकायतकर्ता से ₹ 99,000 गूगल-पे के माध्यम से डलवाए गए तथा ₹ 2-2 लाख के दो चेक भी लिए गए। इसके बाद भी आरोपियों द्वारा दिनांक 24.10.2025 को दोबारा फोन कर और रुपये की मांग की गई थी।
दिनांक 23.06.2026 को थाना शहर भिवानी पुलिस के अंतर्गत पुलिस चौकी जैन चौक के उप निरीक्षक धर्मबीर ने मामले में पांचवें आरोपी को महेंद्रगढ़ चौक दादरी से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
*गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सत्यवान पुत्र जिले सिंह निवासी जगरामबास दादरी के रूप में हुई है।*
पुलिस टीम के द्वारा आरोपी को आज पेश माननीय न्यायालय में कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है।
पुलिस टीम के द्वारा इससे पहले अभियोग में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई थी —
1. संदीप पुत्र देशराज निवासी जैवली, जिला चरखी दादरी ।
2. राहुल पुत्र राजाराम निवासी जैवली जिला चरखी दादरी ।
3. सीमा पत्नी जीत सिंह, निवासी हनुमान गेट भिवानी।
4. प्रिया पत्नी सुनील, निवासी मिताथल, हाल निवासी विद्यानगर।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपी सत्यवान से गहनता से पूछताछ की जाएगी आरोपी शिकायतकर्ता से वारदात वाले दिन मारपीट में शामिल था वहीं आरोपी से गाड़ी के बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस प्रवक्ता भिवानी।।