शहीद भगत सिंह चौक पर निगम ने स्थापित की सवा 10 फीट ऊंची नई प्रतिमा
टेंडर की शर्ताें अनुसार ऊंचाई नहीं होने पर बदली पहले लगाई हुई प्रतिमा
मेयर की सिफारिश पर निगम आयुक्त ने रोकी थी एजेंसी की पेमेंट
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: शहीद भगत सिंह चौक पर नगर निगम ने सवा 10 फीट ऊंची नई प्रतिमा स्थापित कर दी है। एजेंसी द्वारा पहले स्थापित की गई प्रतिमा की ऊंचाई टेंडर में निर्धारित शर्ताें के अनुसार नहीं थी। प्रतिमा छोटी होने के कारण पार्षदों ने सदन की बैठक में उसे बदलने की मांग उठाई थी। साथ ही एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मेयर सुमन बहमनी के सिफारिश में नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने एजेंसी की पेमेंट को रोककर उसे निर्धारित ऊंचाई की नई प्रतिमा स्थापित करने के आदेश दिए गए। जिसके बाद अब चौक पर सवा 10 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि शहीद भगत सिंह चौक पर नई प्रतिमा स्थापित करवा दी गई है। नई प्रतिमा स्थापित होने से चौक की भव्यता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि चौक के नवीनीकरण का निर्णय करीब दो साल पहले लिया गया था। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने 9 जनवरी 2025 को चौक के नवीनीकरण का शिलान्यास किया था। इसके बाद पुरानी प्रतिमा हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्ट्रक्चर भी तैयार किया गया। टेंडर की शर्तों के अनुसार प्रतिमा की ऊंचाई सवा 10 फीट निर्धारित की गई थी, लेकिन एजेंसी ने 5 फीट 11 इंच ऊंची प्रतिमा स्थापित कर दी। जिसके बाद पार्षदों ने प्रतिमा की ऊंचाई कम होने के कारण इसे बदलने की मांग की गई। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने एजेंसी की पेमेंट रोक दी और उसे निर्धारित ऊंचाई के अनुसार प्रतिमा तैयार करवाने के निर्देश दिए गए। एजेंसी द्वारा अब लगभग सवा 10 फीट ऊंची प्रतिमा बनवाई गई। बुधवार को नई प्रतिमा को चौक पर स्थापित किया जाएगा। जल्द ही इसका उद्घाटन कराया जाएगा। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि नगर निगम के विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शहीद भगत सिंह चौक पर प्रतिमा की निर्धारित ऊंचाई सुनिश्चित करने के लिए एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए गए थे, जिनके बाद अब नई प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। निगम का प्रयास है कि शहर में होने वाले सभी विकास कार्य तय मानकों के अनुसार और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे हों।
------------
शहीद भगत सिंह देश के स्वाभिमान के प्रतीक - बहमनी
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहीद भगत सिंह देश की आन-बान और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा निर्धारित मानकों के अनुरूप स्थापित करवाना हमारी प्राथमिकता थी। अब चौक पर सवा 10 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित हो गई है, जिससे चौक की भव्यता बढ़ेगी और शहीद भगत सिंह के प्रति सम्मान की भावना और सशक्त होगी। नगर निगम शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
फोटो कैप्शन - चौक पर स्थापित की गई शहीद भगत सिंह चौक की नई प्रतिमा।