ट्रांजिट कैम्प हत्याकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर | संवाददाता: रक्षपाल सिंह
उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि निर्माणाधीन मकान के पास मिला शव एक पूर्व नियोजित षड्यंत्र का परिणाम था। मृतक के साथी ने ही उसे निर्माणाधीन मकान में ले जाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, ₹5,000 की चोरी के संदेह को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी, जिसके चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
घटना के खुलासे के लिए ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है