कोंच (गयाजी) में BEO के खिलाफ पूर्व उप प्रमुख किशोर कुमार का 7 दिनों से जारी आमरण अनशन समाप्त: सांसद अभय कुशवाहा, विधायक अजय दांगी व प्रशासनिक अफसरों की पहल पर मानी गईं मांगें
कोंच (गयाजी): गयाजी जिले के कोंच प्रखंड प्रांगण में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) के खिलाफ पूर्व उप प्रमुख किशोर कुमार के नेतृत्व में पिछले सात दिनों से जारी अनिश्चितकालीन आमरण अनशन आखिरकार बुधवार को समाप्त हो गया। सांसद, विधायक और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई सकारात्मक वार्ता के बाद बीईओ पर लगे आरोपों की जांच के आदेश और कार्रवाई के लिखित आश्वासन पर अनशनकारियों ने अपना आंदोलन स्थगित किया।
अनशन के सातवें दिन औरंगाबाद के सांसद अभय कुशवाहा और टिकारी के विधायक अजय दांगी कोंच प्रखंड परिसर पहुंचे। उनके साथ गयाजी जिला प्रशासन के अपर समाहर्ता (एडीएम), टिकारी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) प्रवीण कुंदन और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
पूर्व उप प्रमुख किशोर कुमार ने बीईओ पर लगाए थे भ्रष्टाचार और गबन के गंभीर आरोप
अनशन की अगुवाई कर रहे कोंच प्रखंड के पूर्व उप प्रमुख किशोर कुमार ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) पर वित्तीय अनियमितता, सरकारी राशि के गबन, व्यापक भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के कई गंभीर आरोप लगाए थे। पूर्व उप प्रमुख की मांग थी कि बीईओ के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
जांच कमेटी गठित, शाम तक जारी होगा आधिकारिक पत्र
सांसद अभय कुशवाहा, विधायक अजय दांगी और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रखंड प्रांगण में पूर्व उप प्रमुख किशोर कुमार व अन्य आंदोलनकारियों के साथ मैराथन वार्ता की। प्रशासन ने पूर्व उप प्रमुख द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए बीईओ के खिलाफ जांच के लिए एक विशेष जांच कमेटी का गठन कर दिया है।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले में क्या एक्शन लिया गया है, इससे संबंधित आधिकारिक पत्र (चिट्ठी) आज शाम तक निर्गत कर दी जाएगी।
पानी पिलाकर तुड़वाया अनशन
प्रशासन द्वारा जांच कमेटी के गठन और शाम तक आधिकारिक आदेश निर्गत करने की बात स्वीकार किए जाने के बाद सांसद अभय कुशवाहा, टिकारी विधायक अजय दांगी, एडीएम और टिकारी एसडीएम प्रवीण कुंदन ने संयुक्त रूप से पूर्व उप प्रमुख किशोर कुमार को पानी पिलाकर 7 दिनों से जारी आमरण अनशन समाप्त कराया।
बीईओ के खिलाफ जांच के आदेश और अनशन समाप्त होने पर कोंच प्रखंड के ग्रामीणों, समर्थकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान परिसर में भारी संख्या में नागरिक और पुलिस-प्रशासनिक कर्मी उपस्थित थे ! #bdbiharjharkhand