कोडरमा में टेलर ने कार को मारी जोरदार टक्कर, वाहन के उड़े परखच्चे
कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्टेक्स के समीप एक तेज रफ्तार टेलर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गुरुवार को 8 बजे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेलर पूरी तरह लोड था और कार को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में छोटे-छोटे बच्चे भी सवार थे, जिन्हें देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की स्पष्ट सूचना नहीं मिली है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे ने एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।