जमुई में 26 नवंबर तक 03 लाख 41 हजार 780 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य
सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में रविवार की सुबह 9:00 बजे पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत की गई। पोलियो अभियान की शुरूआत डीडीसी शिप्रा चौधरी, सिविल डा. अशोक कुमार सिंह, डीपीआरओ बीरेंद्र कुमार द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की गई। साथ ही इस अभियान में एक भी बच्चा छूटे नहीं यह संदेश दिया गया और हर बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाने को लेकर जागरूक किया गया है। इस अवसर पर डीडीसी शिप्रा चौधरी ने बताया कि पोलियो एक खतरनाक बीमारी है। हम सभी जानते हैं कि 2014 में ही पोलियो भारत से खत्म हो चुका है, लेकिन आसपास के देशों में अभी भी पोलियो के कुछ- कुछ संदिग्ध मरीज मिलते हैं। चूंकि लोग यात्रा करते हैं तो संक्रमण का खतरा बना रहता है। इसलिए पोलियो के अभियान में भाग लेकर बच्चों को दो बूंद की दवा पिलानी चाहिए।
सिविल सर्जन डाक्टर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में पांच वर्ष तक के 03 लाख 41 हजार 780 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। 03 लाख 40 हज़ार 191 घर तक स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचेगी। अभियान को सफल बनाने के लिए 859 टीम लगाया गया है। जबकि डोर टू डोर बच्चों को दवा पिलाने के लिए भी टीम कार्य करेगी। वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, चौक-चौराहों पर भी टीम को लगाया गया है जो आने-जाने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक दे सकेंगे। वहीं ईट-भट्टा आदि स्थानों पर जाने के लिए चार मोबाइल टीम का गठन किया गया है जो उक्त स्थानों पर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक देंगे। सभी टीम की देख-रेख करने के लिए 276 सुपरवाइजर को लगाया गया है जो सभी टीम की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के एक भी बच्चें पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहें इसके लिए संबंधित लोगों को सख्त निर्देश दिया गया है अगर कोई बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित रहता है तो संबंधित कर्मियों और अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रखंडों में अलग- अलग टीम कार्य करेगी और लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर एसीएमओ डा. अरविंद कुमार, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डा. थानिष कुमार, डीपीएम पवन कुमार, अस्पताल प्रबंधक रमेश कुमार पांडेय, यूनिसेफ के अभिमन्यु कुमार,अखौरी मनीत, पंकज कुमार, रणवीर कुमार, एएनएम, आशा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या मेंस्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे। #jamuitopnews #jamui #jamuinews #DDC #ddcjamui #healthcare #healthvibhag
Jamui, Jamui | Nov 22, 2026