जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार, बांका में 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन एवं तैयारियों को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों से कार्य प्रगति की जानकारी ली गई। विभागीय पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं। इसके तहत पूज्य बापूजी की प्रतिमा पर उप विकास आयुक्त, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर अनुमंडल पदाधिकारी, वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर बंदोबस्त पदाधिकारी तथा जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, बांका द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने जिले के महत्वपूर्ण स्थलों, यथा समाहरणालय परिसर, सर्किट हाउस एवं प्रमुख चौक-चौराहों को तिरंगा रोशनी से सजाने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि बांका जिले के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता सेनानी, जो बाराहाट प्रखंड के निवासी हैं, को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाराहाट को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
95 views | Banka, Bihar | Aug 13, 2026